उज्जैन कलेक्टर की कड़ी कार्यवाही; सहायक प्रशासक जोशी को पद से हटाया

       उज्जैन। कलेक्टर आशीष सिंह ने महाकाल मंदिर में लाॅक डाउन तोड़कर दर्शन करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह ने सहायक प्रशासक चंद्रशेखर जोशी को पद से हटा दिया है। चंद्रशेखर जोशी उज्जैन में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं । उन पर निलंबन की गाज भी गिर सकती है।


      जोशी ने 5 लोगों को अवैध रूप से महाकाल मंदिर में लाॅक डाउन के दौरान दर्शन करवा दिए। इस पूरे मामले को लेकर जब कलेक्टर आशीष सिंह के पास जानकारी पहुंची तो वे खुद दंग रह गए। उन्होंने पूरे मामले को लेकर सहायक प्रशासक को जमकर फटकार लगाई । इसके अलावा जिन लोगों ने महाकाल मंदिर में लाॅक डाउन, धारा 144 का उल्लंघन करते हुए दर्शन किए हैं उनके खिलाफ महाकाल थाने में मुकदमा दर्ज करने के भी निर्देश उज्जैन कलेक्टर की ओर से दे दिए गए हैं।


       गौरतलब है कि उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह ने पदभार ग्रहण करने के पहले महाकाल मंदिर के शिखर दर्शन किए थे। वे खुद भी नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य कर रहे हैं। उज्जैन में लाॅक डाउन के बाद कई आईपीएस और आईएएस महाकाल मंदिर का शिखर दर्शन कर लौट गए लेकिन सहायक प्रशासक की लापरवाही के चलते 2 महीने के लाॅक डाउन में पहली बार महाकाल मंदिर परिसर में नियम तोड़ा गया है । गौरतलब है कि महाकाल मंदिर परिसर में फिलहाल पंडितों को भी सीमित संख्या में ही पूजा के लिए अनुमति दी जा रही है।


Comments